मिर्जापुर। कटरा कोतवाली क्षेत्र के हरना की गली में सपा के युवा नेता प्रियंाशु ओझा (22) की हत्या का मुख्य आरोपी निलेश कुल्हाड़ी के साथ गिरफ्तार हो गया।
प्रियांशु की कुल्हाड़ी से मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को निलेश को सबरी हयात नगर मार्ग से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
उसके पास से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी जब्त की गई है। अभी भी दो आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
दोपहर तक कार्रवाई न होने पर परिजन एसपी कार्यालय पहुंच कर एएसपी ऑपरेशन ओपी सिंह से मिले थे।
सपा नेता प्रियांशु की एक जनवरी की रात नौ बजे घर लौटते समय हरना की गली में आरोपियों ने हत्या कर दी।
शिव मंदिर के पास तीनों आरोपियों ने कुल्हाड़ी से सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर प्रियांशु की हत्या कर दी।
इससे पूरी गली में खून ही खून फैल गया। परिजन अस्पताल ले गए तो डाॅक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पिता ने छेड़खानी का विरोध करने के कारण हत्या किए जाने को कारण बताया।
पिता की तहरीर पर पुलिस निलेश कुमार, गुलशन कुमार और सोनू उर्फ अनुराग सिंह पर पहले गैर इरादतन हत्या फिर विरोध होने पर देर शाम हत्या का मुकदमा दर्ज की। रात तक पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेनेे का दावा किया। शाम को कटरा कोतवाली पुलिस ने सबरी हयात नगर मार्ग से मुख्य आरोपी निलेश कसेरा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
दो अन्य आरोपियों पर कार्रवाई में पुलिस जुटी है। कटरा कोतवाल अजीत सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी निलेश को गिरफ्तार करने के बाद जेल भेजा गया।