मिर्जापुर। धान खरीद के लिए जिले में 91 केंद्र खोले गए हैं। शनिवार को जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी धनंजय सिंह ने कछवां के महामलपुर केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान धान खरीद केंद्र बंद मिला। इस पर उन्होंने संबंधित एजेंसी के जिला प्रबंधक से स्पष्टीकरण मांगने के साथ ही उन्हें केंद्र प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया।
जिले में अब तक 145 किसानों से 675.96 मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है। अब तक 17807 किसानों ने धान बेचने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कराया है। इस बार जिले को 200000 मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य मिला है। जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी धनंजय सिंह ने धान खरीद एजेंसी यूपीएसएस के क्षेत्रीय प्रबंधक को संबंधित केंद्र प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि खरीद केंद्र हर हाल में खुला रहना चाहिए। उधर, जिले में श्रीअन्न की खरीद के लिए बनाए गए 10 केंद्रों पर अब तक 561.75 मीट्रिक टन बाजरा की खरीद कर ली गई है। इसी प्रकार 4 45 मीट्रिक टन ज्वार व पांच केंद्रों पर 19.55 मीट्रिक टन मक्का की खरीद की गई है।