पड़री। थाना क्षेत्र के चेंदुली गांव के समीप बच्चों से भरी मैजिक असन्तुलित होकर पेड़ से टकरा कर पलट गई। इससे उसमें सवार 10 बच्चे घायल हो गए। खबर लगते ही अभिभावक मौके पर पहुंच कर उनको निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
क्षेत्र के अतरौरा गांव स्थित एचआरएस पब्लिक स्कूल की वाहन बृहस्पतिवार की सुबह नौ बजे बच्चों को घर से लेकर स्कूल पहुंचाने जा रही थी जैसे ही वह चेंदुली गांव के पास पहुंची, अचानक असन्तुलित होकर पेड़ से टकराकर पलट गई। इससे उसमें सवार कन्हैया पुर गांव निवासी आयुष छह वर्ष पुत्र बल्लू शुक्ल, बेलवा गांव निवासी दिनेश सिंह के दो पुत्र मयंक प्रताप सिंह छह वर्ष, उमंग प्रताप सिंह 12 वर्ष, गणेश प्रताप सिंह की पांच वर्षीय पुत्री संस्कृति, मंगला प्रसाद की आठ वर्षीय पुत्री नैन्सी, छह वर्षीय पुत्र रुद्र प्रताप सिंह, पंकज कुमार का छह वर्षीय पुत्र फैंसी, बेलवा गांव के पंचदेव कुमार के तीन बच्चे आठ वर्षीय प्रीतम, छह वर्षीय पुत्र अखिलेश, चार वर्षीय पुत्री प्रीति घायल हो गई। मैजिक पलटने की खबर मिलते ही आनन-फानन में अभिभावक मौके पर पहुंच कर अपने-अपने बच्चे को लेकर पास के निजी अस्पतालों में इलाज कराने के लिए ले गए। अभिभावकों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में स्कूल तो खोले गए है। लेकिन शिक्षा विभाग के उदासीनता के चलते मनमाने तौर पर खटारा गाड़ियों से बच्चों को ले जाया जा रहा है। संयोग था कि बड़ा हादसा नहीं हुुआ। मांग किया कि जिला प्रशासन से ऐसे विद्यालयों पर कार्रवाई करे।