जिला मुख्यालय पर बृहस्पतिवार को मदरसा आधुनिकीकरण शिक्षकों ने प्रदर्शन किया और बकाया मानदेय के भुगतान की मांग की। इस दौरान आयोजित सभा में वक्ताओं ने जिले में अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी के रिक्त पद पर तैनाती किए जाने तथा तीन माह के बकाया मानदेय के भुगतान की मांग की।
वक्ताओं ने कहा कि जिले से उत्तर प्रदेश शासन को वापस हुए केंद्रांश की धनराशि वापस मंगाई जाय और उससे शिक्षकों के बकाया मानदेय का भुगतान किया जाय। संगठन ने बीते 24 मई को जिलाधिकारी को पत्रक देकर इस संबंध में अवगत कराया था, लेकिन अभी तक कुछ नहीं किया जा सका है। इसके चलते मदरसा आधुनिक शिक्षकों की आर्थिक स्थिति बिगड़ती जा रही है। शिक्षकों को परिवार का खर्च चलाने में मुश्किल का सामना करना पड़ रहा है। मांगें पूरी कराने के लिए मदरसा आधुनिक शिक्षकों ने मदरसा आधुनिकीकरण शिक्षक एकता समिति के तत्वाधान में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू किया है। वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि शिक्षकों के साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो उसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। अंत में अपर जिलाधिकारी शिवप्रताप शुक्ल को मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा गया। इस अवसर पर उस्मान अली, मोहम्मद अफसर अली, कयामुद्दीन, मोहम्मद अरशद खान, विकास कुमार सिंह, अनुराधा वर्मा, रेहाना बानो, निधि सिंह, रीना कुमारी, अमर कुमार शर्मा, अली अहमद, नसीम अहमद, नसीमा बानो, वंदना गुप्ता आदि मौजूद रहीं।