मुंबई से पटना जा रही एलटीटी एक्सप्रेस का इंजन सोमवार की भोर तीन बजे मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पर फेल हो गया। करीब तीन घंटे से ट्रेन को रोक कर रखे जाने पर यात्री नाराज हो गए हंगामा मचाने लगे। यात्रियों के शोर पर रेल अधिकारियों ने मालगाड़ी का इंजन काटवाया और एलटीटी एक्सप्रेस में लगा कर सुबह करीब छह बजे ट्रेन को रवाना कर दिया। तब यात्री शांत हुए। इलाहाबाद से दुर्घटना राहत ट्रेन आया और फेल हुए इंजन को तीन घंटे में मरम्मत कर दुरुस्त किया तब मालगाड़ी रवाना हो गई।
मुंबई से 2142 लोक मान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस रविवार की रात पटना जा रही थी। सोमवार की भोर करीब तीन बजे ट्रेन जैसे ही मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पर पहुंची कि उसका इंजन फेल हो गया। पहिए जाम हो गए। पांच मिनट ठहराव होने के बाद जब चालक गाड़ी को आगे बढ़ाने लगा तो ट्रेन नहीं बढ़ी। काफी प्रयास के बाद भी इंजन आगे नहीं बढ़ा तो चालक ने इसकी सूचना स्टेशन मास्टर को देते हुए इलाहाबाद कंट्रोल को भी सूचित किया। काफी देर से प्लेटफार्म नंबर दो पर ट्रेन को रोके रहने पर यात्री नाराज हो गए और प्लेटफार्म पर हंगामा मचाने लगे।
नाराज यात्रियों ने कहा कि अगर इंजन फेल हो गया तो किसी मालगाड़ी को स्टेशन पर रोक कर उसका इंजन इसमें लगा कर इस ट्रेन को रवाना किया जा सकता है लेकिन ऐसा नहीं किया गया। लोगों ने कहा कि जब तक दूसरा इंजन लगा कर ट्रेन रवाना नहीं किया जाता है तब तक वह लोग शांत नहीं बैठेंगे। यात्रियों के शोर पर करीब साढ़े पांच बजे एक मालगाड़ी का इंजन काट कर एलटीटी एक्सप्रेस में लगाया गया तब ट्रेन रवाना हो सकी। इलाहाबाद से दुर्घटना राहत ट्रेन आने के बाद करीब तीन घंटे में इंजन को ठीक करने में सफलता मिली।