मिर्जापुर। जिले में एक नवंबर से धान की खरीद शुरू होनी थी, लेकिन रविवार को अधिकांश केंद्रों पर ताले रहे। कलवारी में धान क्रय केंद्र पर किसान पहुंच गए, लेकिन वहां खरीद की व्यवस्था नहीं थी। किसान लाइन लगाकर खड़े रहे, लेकिन केंद्र नहीं खुलने से उन्हें मायूसी हाथ लगी।
जिले में धान खरीद के लिए कुल 126 क्रय केंद्र खोले गए हैं। पहले 65 केंद्र थे, लेकिन बाद में 61 केंद्र और बढ़ा दिए गए। इस तरह अब जिले में 126 केंद्रों पर खरीद होनी है। नगर में मंडी समिति परिसर में खाद्य विभाग, भारतीय खाद्य निगम और मंडी समिति के कुल छह क्रय केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से कोई भी केंद्र नहीं खुला।
सक्तेशगढ़: राजगढ़ के गोल्हनपुर क्रय केंद्र पर अभी तक धान खरीद की व्यवस्था शुरू नहीं हो सकी है। क्रय केंद्र पर ताला लटका रहा और किसानों को किसी प्रकार की सुविधा उपलब्ध नहीं हुई। केंद्र के सचिव अमीन अंसारी ने बताया कि वे लोग धरना-प्रदर्शन में शामिल होने के बाद रविवार को ही घर पहुंचे हैं।
सोमवार को डीएम की बैठक के बाद आवश्यक कागजात और अन्य औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। इसके बाद परसों से गोल्हनपुर क्रय केंद्र खोलकर धान खरीद की प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी। किसानों का नंबर लगना शुरू हो जाएगा।
मड़िहान: तहसील क्षेत्र के पचोखरा खुर्द स्थित बी-पैक्स धान क्रय केंद्र पहले दिन बंद रहा।
ड्रमंडगंज: साधन सहकारी समिति बेलन बरौंधा स्थित क्रय केंद्र बंद रहा। प्रभारी विकास तिवारी ने बताया कि सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रविवार को अवकाश होने के कारण खरीद नहीं हुई। सोमवार से टोकन नंबर के हिसाब से धान की खरीद शुरू हो जाएगी।
पड़री: क्षेत्र के हार्ट शाखा पड़री और साधन सहकारी समिति दाढ़ी राम मोहनपुर स्थित धान क्रय केंद्रों पर अभी तक कोई तैयारी नहीं हुई है। किसान अपना धान लेकर क्रय केंद्रों पर नहीं पहुंचे हैं। साधन सहकारी समिति के सचिव अनिल सिंह ने बताया कि पंजीकरण हो रहा है। रविवार को कोई किसान धान लेकर नहीं आया।
कलवारी क्रय केंद्र पर लाइन लगाए किसान,संवाद