ड्रमंडगंज घाटी में सड़क पर पहाड़ से गिरे मलबे को हटाता जेसीबी।-सोशल मीडिया।
पहाड़ से गिरे पत्थर व मलबा हटाने में जुटी एनएचएआई की टीम, सड़क धंसने की आशंका
ड्रमंडगंज। मंगलवार रात और बुधवार दोपहर हुई तेज बारिश से रीवा-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित ड्रमंडगंज घाटी में भूस्खलन हो गया। बड़का मोड़ से 100 मीटर आगे मप्र जाने वाले लेन की सड़क पर 30 मीटर तक दरारें आ गई हैं। सड़क का कुछ हिस्सा धंसने से तेज बारिश पर इसके और धंसने की आशंका बनी हुई है।
मध्यप्रदेश जाने वाले हाईवे पर कई स्थानों पर पहाड़ से पत्थर और मिट्टी का मलबा गिर गया। एनएचएआई और कार्यदायी संस्था डीबीएल कंस्ट्रक्शन कंपनी के कर्मचारी जेसीबी से मलबा हटाने में जुटे रहे। वहीं, चुनहवा मोड़ के पास करंज का पेड़ और चट्टानें गिरने की सूचना पर पहुंची एनएचएआई की टीम ने जेसीबी से मलबा हटवाया। लगातार बारिश से घाटी में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। पहाड़ से पत्थर और चट्टानें गिरने से वाहन चालक सावधानी के साथ आवागमन कर रहे हैं।
वर्जन
भारी बारिश से हाईवे पर गिरे मलबे को हटाने में टीम लगी है। देर शाम तक सड़क साफ कर दी जाएगी। सड़क में आई दरारों को भी जल्द दुरुस्त कराया जाएगा।
अशोक कुमार सिंह, सहायक अभियंता,एनएचएआई