मिर्जापुर। हैहयवंशी कसेरा युवा संघ के तत्वाधान में रविवार को कार्तिक शुक्ल सप्तमी पर सहस्त्राबाहु अर्जुन महाराज की जयंती पर शोभायात्रा निकाली गई। रविवार को कसरहट्टी गुदरी सहस्त्राबाहु मंदिर में भव्य शृंगार के बाद पूजन-आरती कर हवन किया गया। इसके बाद सहस्त्राबाहु महाराज की शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्ग घंटाघर, तुलसी चौक, गुड़हट्टी चौराहा, बसनई बाजार से होते हुए पुनः कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर समाप्त हुई।
संघ के अध्यक्ष शिवांशु सिंह ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस बार पुनः हैहयवंशी समाज के पूर्वज आराध्य देव की जयंती कार्यक्रम का आयोजन किया गया। हजारों भुजाओं वाले महाराज जिन्होंने बलसाली रावण को अपनी कांख में दबाकर बंदी बना लिया था। पूर्व अध्यक्ष कृष्णानन्द हैहयवंशी ने बताया कि पूरे देश में हैहयवंश समाज के सभी वंशज जायसवाल समाज, ताम्रकार व कसेरा समाज के लोग जयंती मनाते हैं। सातों दीपों पर राज करने वाले सहस्त्राबाहु महाराज को राजराजेश्वर के नाम से भी जाना जाता है। मध्य प्रदेश खरगौन जिले के महेश्वर में उनका मन्दिर है। जहां हजारों वर्षों से आज भी 11 अखंड दीप प्रज्ज्वलित हैं। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी, पूर्व अध्यक्ष मनोज जायसवाल, श्रीकिशन कसेरा, सीताराम कसेरा, मुन्नीलाल कसेरा, ज्ञानेश्वर आदि मौजूद रहे।