मिर्जापुर। देहात कोतवाली थाना क्षेत्र में बीते दिनों हुए मुठभेड़ में घायल दो बदमाशों की सुरक्षा व्यवस्था में लगे दो आरक्षियों को ड्यूटी से लापता होने पर पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने शनिवार को निलंबित कर दिया।
देहात कोतवाली पुलिस ने बीते सात नवंबर को मुखबिर की सूचना पर बोकरिया फाल के पास घेरेबंदी कर दो बाइक सवार बदमाशों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया था। दोनों के पैर में गोली लगी थी। आरोपी आलोक यादव उर्फ उजाला यादव निवासी जसोवर पहाड़ी के दोनों पैर और वैभव बिंद उर्फ कमलेश बिंद निवासी जसोवर पहाड़ी के दाहिने पैर में गोली लगी थी। दोनों को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर मिर्जापुर में भर्ती कराया गया था। कमरे में भर्ती दोनों आरोपियों की सुरक्षा व्यवस्था में दो आरक्षियों की कोतवाली देहात से ड्यूटी लगाई गई थी। बीते आठ नवंबर को सुबह देहात कोतवाल शैलेश राय ट्रामा सेंटर पहुंचे तो दोनों आरक्षी नहीं मिले। छानबीन में पता चला कि दोनों आरक्षी चाय पीने गए थे। बंदियों की सुरक्षा ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर देहात कोतवाल शैलेश राय ने कार्रवाई के लिए रिपोर्ट पुलिस अधीक्षक को सौंपी। इलाज के दौरान बंदियों की सुरक्षा ड्यूटी से अनुपस्थित पाए जाने व कर्तव्य पालन में लापरवाही बरतने पर पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने देहात कोतवाली के दो आरक्षियों विजय शंकर सिंह और मनोज कुमार भारती को निलंबित कर दिया। पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने बताया कि सुरक्षा ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की गई है।