कोरोना के बीच ताउते ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। तीन दिन से लगातार रुक-रुक कर हो रही बारिश से जीवन अस्त व्यस्त हो गया। बृहस्पतिवार को झमाझम हुई बारिश से ग्रामीण सहित शहरी इलाकों में किसानों सहित आम लोग परेशान रहे। ताउते चक्रवात के कहर का असर जिले में बुधवार की देर शाम से दिखा। रुक-रुककर हो रही बारिश से लोगों को गर्मी व उमस से निजात जरूर मिली पर जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। शहर की कई कॉलोनियों व सड़को पर जगह जगह हुए जल भराव ने नगर निकायों की भी पोल खोल दी।
आंधी-तूफान व गरज-चमक के साथ हुई बारिश से कहीं-कहीं पेड़ व बिजली के खंभे व तार टूट गए। विद्युत व्यवस्था चरमरा गई। नगर में महंत शिवाला से पुतलीघर तक लोगों को कीचड़ के बीच गुजरना पड़ा। रमईपट्टी-कनौराघाट मार्ग पर पक्का पोखरा के आगे से सड़कों पर बने गड्ढों में जगह-जगह पानी भरा रहा। जिगना: बुधवार की शाम से शुरू बारिश बृहस्पतिवार को भी जारी रही। खेत व सिवान पानी से लबालब रहे। पाली व जिगना बारी में रेलवे के बने भूमिगत पुल के नीचे पानी भर गया। क्षेत्र के निचले इलाकों में जल निकासी की व्यवस्था न होने से लोगों के घरों तक में पानी घुस गया। लालगंज: बुधवार की देर शाम से आंधी- तूफान व गरज-चमक के साथ हुई बारिश से पेड़ व बिजली के खंभे कई जगह उखड़ गए। नरौली निवासी बैजनाथ की दो गाएं और खम्हरिया निवासी उदित का भैंसा बिजली की चपेट में आने से मर गए। गांव व बाजार में नाली के अभाव में जल भराव समस्या से लोग जूझते रहे।
हलिया: क्षेत्र में कच्चे मकानों के खपरैल, छप्पर तथा टीन शेड हवा में उड़ गए। जगह जगह पेड़ गिर गए। सब्जी व उड़द की खेती बर्बाद हो गई। जगह-जगह विद्युत पोल व तार गिर जाने से अदवा फीडर की विद्युत आपूर्ति बाधित रही। पड़री: क्षेत्र में भी कई घरों के टीन व छप्पर उड़ गए। विद्युत पोल व तार टूटकर गिरने से आपूर्ति बाधित हो गई। क्षेत्र में शादी ब्याह के लिए बने मंडप उखड़ गए। वैवाहिक कार्यक्रम प्रभावित रहा। चुनार: क्षेत्र में दो दिनों से लगातार रुक रुक कर हो रही बारिश ने नगर पालिका की सफाई के साथ ही जल निकासी की व्यवस्था की पोल खोल दी। तेज बारिश के चलते आने-जाने वाले रास्ते कूड़ा करकट से पट गए। बहरामगंज से स्टेशन जाने वाले मार्ग पर जल निकासी की व्यवस्था न होने से जगह- जगह जल भराव हो गया। राजगढ़: आंधी-तूफान व बारिश के बीच पेड़ उखड़ गए। मिर्जापुर-सोनभद्र मार्ग पर गिरे पेड़ों के चलते सड़क पर आवागमन बाधित रहा। आंधी के चलते बिजली का पोल टूट गए। जिससे क्षेत्र में रात में अंधेरा छाया रहा। कछवां: तेज आंधी व पानी के बीच क्षेत्र में बिजली व्यवस्था चरमरा गई। आंधी से कहीं झोपड़ी गिर गईं तो कहीं दीवारें ढह गईं। आम की फसल को काफी नुकसान हुआ है। कई जगहों पर बिजली की तार व खंभे क्षतिग्रस्त हो गए। इस वजह से इलाकों में पूरे दिन बिजली ठप रही। बरैनी माझी बस्ती के सामने पानी भर गया। जिससे आवागमन में राहगरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। गेगराव, मटियारी, गडौली, महामलपुर, चकिया, ब्यासपुर, जमुआ बाजार तक डेढ़ दर्जन विद्युत पोल गिरने से बरैनी, भैसा गांव सहित दर्जनों गांव में विद्युत आपूर्ति बाधित रही। सीखड़: क्षेत्र में तेज हवा के साथ हुई बारिश के चलते कई इलाकों में बिजली व्यवस्था चरमराई हुई है।