यूपी और मध्य प्रदेश पुलिस के अधिकारियों की अंतरराज्यीय समन्वय बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
मिर्जापुर। यूपी और मप्र सीमा पर पशु, शराब और मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए संयुक्त रणनीति बनेगी। परिक्षेत्रीय कार्यालय में आईजी विंध्याचल पूनम और मध्य प्रदेश के आईजी रीवा हेमंत चौहान के बीच सहमति बनी। दोनों के बीच यूपी और मध्य प्रदेश पुलिस के अधिकारियों की अंतरराज्यीय समन्वय बैठक में यह निर्णय हुआ। इस मौके पर एसपी रजत कौशिक और एसपी मऊगंज सुरेंद्र कुमार जैन भी मौजूद रहे। दोनों राज्यों की पुलिस में सीमा से जुड़े क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से बैठक हुई थी।
बैठक में दोनों राज्यों की पुलिस के बीच समन्वय को और प्रभावी बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई। विशेष रूप से पशु-तस्करी, अवैध शराब तथा मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम, अंतरराज्यीय अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई, सीमावर्ती क्षेत्रों में सतत निगरानी, सूचना के त्वरित आदान-प्रदान तथा संयुक्त अभियान चलाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। इसके अतिरिक्त सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों की रोकथाम, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी तथा दोनों राज्यों की पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए आवश्यक रणनीति पर भी चर्चा हुई। बैठक में सीमावर्ती क्षेत्रों में नियमित संयुक्त चेकिंग अभियान चलाने, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने तथा अपराधियों के खिलाफ प्रभावी एवं समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया।