चुनार स्थित नरायनपुर ब्लाक में क्षेत्र पंचायत की बैठक को संबोधित करते खंड विकास अधिकारी। सोशल
नरायनपुर ब्लॉक सभागार में हुई बैठक में बीडीसी सदस्यों ने नौ करोड़ 86 लाख रुपये के लेबर बजट को भी दी मंजूरी
चुनार। नगर के नरायनपुर ब्लॉक सभागार में सोमवार को क्षेत्र पंचायत सदस्यों की बैठक हुई। इसमें 24 करोड़ 32 लाख रुपये का बजट पारित हुआ। साथ ही वर्ष 2026-27 के लिए नौ करोड़ 86 लाख रुपये का लेबर बजट सर्वसम्मति से मंजूर कर दो लाख 34 हजार 983 मानव दिवस सृजन का लक्ष्य तय किया गया।
बैठक में विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार व आजीविका मिशन, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, पंचम राज्य वित्त एवं केंद्रीय वित्त आयोग की कार्ययोजनाओं, जल संरक्षण, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, भूजल रिचार्ज, पेयजल योजनाओं और विभिन्न पेंशन योजनाओं से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा हुई। पंचम राज्य वित्त आयोग के तहत तीन करोड़ 60 लाख और केंद्रीय वित्त आयोग के तहत एक करोड़ 66 लाख रुपये की कार्ययोजना को मंजूरी दी गई। 600 प्रधानमंत्री आवास, 50 मुख्यमंत्री आवास के निर्माण का लक्ष्य तय किया गया। बैठक में मूजडीह के क्षेत्र पंचायत सदस्य ने ग्राम सचिव दुर्गेश के कार्यों पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि नियुक्ति के बाद से गांव में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र और परिवार रजिस्टर की नकल समय से जारी नहीं की जा रही है। आरोप लगाया कि पंचायत सहायक इन कार्यों के लिए ग्रामीणों से सुविधा शुल्क मांगता है, इससे गरीबों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अध्यक्षता करते हुए ब्लॉक प्रमुख चंद्रप्रकाश सिंह ने सभी ग्राम पंचायतों के संतुलित व समग्र विकास को प्राथमिकता बताते हुए संबंधित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। बैठक में खंड विकास अधिकारी रामराज कुशवाहा, एडीओ पंचायत हरिशंकर पांडेय, एजी गौरव पटेल तथा क्षेत्र पंचायत सदस्य मौजूद रहे।