मिर्जापुर। कृषि विभाग में कर्मचारियों के कथित उत्पीड़न और अभद्र व्यवहार के आरोपों को लेकर संयुक्त कृषि निदेशक गुणवत्ता एवं नियंत्रण संतोष कुमार राय ने मंगलवार को पिपराडाड़ स्थित जेडी कार्यालय पहुंचे। जांच अधिकारी संयुक्त कृषि निदेशक ने कार्यालय के विभिन्न पटल का निरीक्षण किया। साथ ही मामले के संबंध में कर्मचारियों से पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए।
संयुक्त कृषि निदेशक ने जेडी (अतिरिक्त प्रभार) दीपक चौधरी से भी पूछताछ कर बयान दर्ज किया। चार अगस्त को जिलाधिकारी के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व विनोद कुमार सिंह की मौजूदगी में कर्मचारियों के बयान दर्ज किए गए थे। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि अधिकारी के व्यवहार और कार्यशैली से विभागीय माहौल प्रभावित हो रहा है, इससे उनके लिए सामान्य रूप से कार्य करना कठिन है। जांच के दौरान संयुक्त कृषि निदेशक संतोष कुमार राय ने कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी एक परिवार की तरह होते हैं, किसी के साथ अन्याय नहीं होगा। इस मामले में बयान दर्ज कर लिए गए हैं, जिन्हें निदेशालय को सौंपा जाएगा। इस दौरान उप कृषि निदेशक विकेश कुमार सिंह पटेल, जिला कृषि अधिकारी डॉ. अवधेश कुमार यादव आदि मौजूद रहे।