रोजगार सेवक शिव शंकर। स्त्रोत-एन्टी करप्शन
- फोटो : 1
राजगढ़। मड़िहान के कुंदरुफ गांव में गोशाला बनवाने के लिए 10 हजार रुपये रिश्वत लेते समय एंटी करप्शन की टीम ने यादव ढाबा के पास से रोजगार सेवक शिवशंकर को गिरफ्तार किया। एंटी करप्शन टीम ने राजगढ़ थाने पर तहरीर देकर आरोपी रोजगार सेवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
कुंदरुफ गांव के ग्राम प्रधान उमेश कुमार ने एंटी करप्शन टीम से शिकायत की थी कि गांव का एक व्यक्ति गोशाला निर्माण के लिए गिट्टी, बालू, सरिया खरीदा है। रोजगार सेवक को निर्माण के लिए आए सामान को प्रमाणित करना था। इसके लिए रोजगार सेवक शिवशंकर ने 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। एंटी करप्शन टीम ने मामले की जांच की। मामला सही पाए जाने पर मंगलवार की दोपहर डेढ़ बजे यादव ढाबा के पास प्रधान ने रोजगार सेवक को अपने कार में बुलाकर पैसा दिया। तभी पहुंची एंटी करप्शन टीम ने रोजगार सेवक को रिश्वत लेते 10 हजार रुपये के साथ गिरफ्तार किया। एंटी करप्शन टीम के निरीक्षक अनिल चौरसिया, निरीक्षक पतिराम यादव, निरीक्षक दिग्विजय तिवारी, निरीक्षक अशोक सिंह शामिल रहे। थानाध्यक्ष दयाशंकर ओझा ने बताया कि मामला मड़िहान थाना क्षेत्र का है। एंटी करप्शन टीम की ओर से दी गई तहरीर पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।