मिर्जापुर। आषाढ़ में मौसम के बदले मिजाज से किसानों की चिंता बढ़ गई है। कई दिनों से बादल छाने के बाद भी बारिश नहीं हो रही है। शनिवार को भी सुबह से ही बादल छाए रहे। कभी काली घटाएं घिरने तो कभी रिमझिम फुहार तापमान भले एक डिग्री लुढ़क गया लेकिन उमस से राहत नहीं मिली।
शनिवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि एक दिन पहले शुक्रवार को अधिकतम 34 और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। किसानों की मानें तो आषाढ़ मास में मौसम की इस तरह बेरुखी ठीक नहीं। आषाढ़ समाप्ति की तरफ है। अभी तक अपेक्षित बारिश न होने से ताल-तलैये और पोखरे आदि पानी के अभाव में सूखे पड़े हैं। बारिश न होने से डाली नर्सरियों की रोपाई तक नहीं हो पा रही है। ग्रामीण कृषि मौसम सेवा, भू भौतिकी विभाग बीएचयू वाराणसी के तकनीकी अधिकारी मौसम वैज्ञानिक शिव मंगल सिंह तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। आसमान में बादल छाने के साथ कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
इनसेट
बिजली गिरने से महिला झुलसी
हलिया। स्थानीय कस्बा स्थित यादव बस्ती में शनिवार को सुबह 10 बजे के बारिश के दौरान बिजली गिरने से एक महिला झुलस गई। यादव बस्ती निवासी यशोदा (48) अपने घर के सामने टिन शेड के नीचे बैठी थी। इस बीच हल्की बारिश होने लगी। कुछ ही देर बाद घर के पास बिजली गिरने से वह झुलस गई। परिजनों ने उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हलिया में भर्ती कराया है। संवाद