चिलचिलाती धूप में चेहरे को कपड़ा से ढककर गुजरती युवतियां।
प्रचंड गर्मी से रविवार को लोगों का हाल बेहाल रहा। चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं के थपेड़ाें से नगरीय इलाकों सहित ग्रामीण अंचलों के लोगों बेबस नजर आए। जरूरी कार्यवश निकलने वाले लोग अपने चेहरे सहित सिर आदि को कपड़े से पूरी तरह ढंक कर छाता लेकर बाहर निकले।
रविवार को सूर्योदय होने के कुछ ही देर बाद आसमान से बरस रहे आग से वातावरण की गर्मी अपने चरम पर पहुंच गई थी। नगर सहित ग्रामीण अंचलों में बिजली की कटौती से कूलर, पंखे बेकार साबित हो रहे हैं। नगर के प्रमुख बाजारों में लस्सी, कोल्ड ड्रिंक्स, आम का पना, आइसक्रीम आदि की दुकानों पर ग्राहक डटे रहे।
तल्ख धूप के कारण सड़कों पर चलने वाले रिक्शा चालक भी पेड़ों की छांव में बैठकर आराम करते नजर आए। नगर के कई इलाकों में स्वयं सेवी संगठनों की तरफ से नि:शुल्क प्याऊ की व्यवस्था कराई गई है, लेकिन वह भी नकाफी साबित हो रही है।