मंडलायुक्त कार्यालय के सभागार में शुक्रवार को मंडलायुक्त ने 50 लाख रुपये से अधिक लागत की निर्माणाधीन परियोजनाओं (भवन, सड़क एवं पुल) की प्रगति की समीक्षा की।
बैठक में मिर्जापुर के 90, भदोही के 42 और सोनभद्र के 64 परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
मंडलायुक्त ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अधिकारी सम्बन्धित कार्यदायी संस्था से समन्वय स्थापित करते हुए निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति का निरीक्षण करे । आरईडी (आरईएस) के द्वारा कराये जा रहे निर्माण कार्यों में कम प्रगति पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त कर चेतावनी दी कि अगले माह तक कार्य में प्रगति नहीं लाई तो कार्रवाई की जाएगी।
अधीक्षण अभियन्ता विद्युत के अनुपस्थित रहने पर नाराजगी व्यक्त की। लोक निर्माण विभाग के 25 कार्यों सापेक्ष एक भी पूर्ण न होने पर मंडलायुक्त ने चेतावनी देते हुये निर्देशित किया कि कार्य में तेजी लाएं। ग्रामीण अभियन्त्रण विभाग की वर्ष 2021-22 में स्वीकृत 31 सड़कों के सापेक्ष एक भी सड़क पूर्ण न होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुये चेतावनी दी। कार्यदायी संस्था जिला पंचायत मिर्जापुर के ग्राम पंचायत सेरूआ में सुगापाक गढ़वा मार्ग अपूर्ण होने पर अवशेष 200 मीटर कार्य को तत्काल पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया। इसी प्रकार नगर पालिका मिर्जापुर के वर्ष 2021-22 में स्वीकृत 25 सड़कों के सापेक्ष बताया गया कि एक सड़क पूर्ण किया गया शेष प्रगति पर है।
कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग भदोही के आठ निर्माणाधीन कार्य के सापेक्ष बताया कि धनाभाव के कारण अपूर्ण हैं। इसी प्रकार जिला पंचायत भदोही के द्वारा एक कार्य में विवाद तथा भदोही जौनपुर मार्ग के वरुणा नदी से पोकलपुर मार्ग में 500 मीटर भूमि भी विवाद बताया गया। मंडलायुक्त ने तत्काल मौके पर निस्तारण के निर्देश मुख्य विकास अधिकारी तथा अपर मुख्य अधिकारी को दिया। सोनभद्र के लोक निर्माण द्वारा 45 कार्य के सापेक्ष 16 पूर्ण बताया गया कि तथा 29 कार्यों में धनाभाव बताया गया। बैठक में कार्यदायी संस्था ग्रामीण अभियन्त्रण विभाग सोनभद्र, पीएमजीएसवाई, यूपीसीएण्डएस, यूपी सिडको, आवास विकास सहित अन्य कार्यदायी संस्थाओ के द्वारा निर्माणाधीन परियोजनाओं के प्रगति की समीक्षा की गयी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी मिर्जापुर श्रीलक्ष्मी वीएस, भदोही भानु प्रताप सिंह, सोनभद्र अमित पाल शर्मा, संयुक्त आयुक्त सुरेश चन्द्र मिश्र, अपर जिलाधिकारी शिव प्रताप शुक्ल, मुख्य वन संरक्षक, मुख्य चिकित्साधिकारी, समस्त जिला विद्यालय निरीक्षक, मुख्य अभियंता व अन्य मंडलीय अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।