अहरौरा। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर शुक्रवार को अपर जिलाधिकारी वित्त ने चकसरिया तथा सोनपुर के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। मिली खामियों को एडीएम वित्त ने तत्काल दुरुस्त कराने का निर्देश तथा मतदान जागरूकता के लिए केंद्रों पर जल्द से जल्द वॉल पेंटिंग करने का निर्देश दिया।
मतदान केंद्रों का निरीक्षण के बाद एडीएम वित्त शिव प्रताप शुक्ल ने नगर पालिका कार्यालय का भी निरीक्षण किया तथा चुनाव के संबंध में पालिका कर्मियों से वार्ता कर सकुशल चुनाव संपन्न करने का निर्देश दिया। कहा कि आदर्श आचार संहिता का पालन हर हाल में होना चाहिए। नगर क्षेत्र के सार्वजनिक स्थानों पर लगाए गए बैरन पोस्टर को तत्काल हटवाएं जाने का निर्देश दिया। इस दौरान नगरपालिका अध्यक्ष ओमप्रकाश केशरी, नीतीश कुमार, रजनीकांत, प्रेम सहित अन्य संबंधित विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।