जमालपुर। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत क्षेत्र के धारा हरिहरपुर गांव में शुक्रवार को महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में पहल की गई। गांव में स्थापित रोशनी महिला समूह की दोना-पत्तल निर्माण इकाई का शुभारंभ एडीओ आईएसवी ने फीता काटकर किया।
इस अवसर पर एडीओ आईएसवी मुकेश शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा कि दोना-पत्तल निर्माण इकाई के संचालन से समूह की महिलाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे और उनकी आय में वृद्धि होगी। रोशनी महिला समूह से जुड़ी अंजू गुप्ता और आभा गुप्ता ने बताया कि इकाई की स्थापना में करीब 1.20 लाख रुपये की लागत आई है।
उन्होंने कहा कि महिलाएं आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेंगी। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों और समूह की महिलाओं ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे महिला सशक्तीकरण की दिशा में सराहनीय कदम बताया। संवाद