रिक्शों को रवाना करतीं अनुप्रिया
केंद्र सरकार की योजना प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत भारतीय माइक्रो क्रेडिट द्वारा आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए 25 महिलाओं को ई रिक्शा एवं रोजगार लोन का चेक वितरित किया।
लायंस स्कूल के सभागार में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि पूरा देश भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का जन्म दिवस सुशासन दिवस के रूप में मना रहा है। ऐसे दिवस पर महिलाओं की मदद के रूप में उन्हें 25 ई रिक्शा दे कर मुझे अपार खुशी मिल रही है। कहा कि केंद्र सरकार गरीबों के जीवन में खुशहाली लाने के लिए काम कर रही है। एशिया के चार देश भारत, चीन, नेपाल, बांग्लादेश ऐसे देश हैं जहां ई रिक्शा को सरकारों ने प्राथमिकता दी है। भारत में वर्ष 2008 से ही ई रिक्शे की शुरुआत हो गई थी।
ई रिक्शा कई मामलों में बेहतर है। यह तेजी से लोक प्रिय होता जा रहा है। इससे प्रदूषण से मुक्ति मिलती है। रिक्शा चालक को बिना मेहनत कार्य करने की सहुलियत मिलती है। कहा कि भारत सरकार ने ई रिक्शा चालकों को ई रिक्शा देने के साथ ही उनके प्रशिक्षण के साथ ही सुविधाजनक ऋण की भी व्यवस्था की है। जिले के गांव में भी ई रिक्शा पहुंचे इसके लिए भारतीय माईक्रो क्रेडिट को ध्यान देना चाहिए जिससे गांव में रहने वाले आम आदमी को भी इसका फायदा मिल सके। कहा कि गांधी जी हाथ से चरखा चलाते थे।
हमारी सरकार गांधी जी की सोच को आगे बढ़ाते हुए सोलर चरखा लोगों को देने की ओर बढ़ रही है जिससे लोगों को स्वरोजगार की ओर बढ़ाया जा सके। इससे महिलाओं को काम करने में आसानी होगी और उत्पादन बढ़ेगा। कार्यक्रम में विजय पांडेय, बालेन्दुमणि त्रिपाठी,रमाकांत पटेल, मेघनाथ पटेल,नितिन विश्वकर्मा, रमाशंकर सिंह पटेल, जवाहिर सिंह, विजय वर्मा आदि मौजूद रहे।