सिटी क्षेत्र के पीपड़ाड में ग्रामीणों की समस्या सुनते सचिव, स्रोत संवाद
- फोटो : सभा मंडप में दर्शन-पूजन करने पहुंचे श्रीलंका के अनुयायी।
मिर्जापुर। जिले के 12 विकास खंडों की 24 ग्राम पंचायतों में शुक्रवार को आयोजित ग्राम चौपालों में भीषण गर्मी का असर दिखा। बुलाए जाने के बावजूद अधिकांश चौपालों में शिकायतकर्ताओं की संख्या नाममात्र रही। कई स्थानों पर न केवल ग्रामीणों की उपस्थिति कम रही, बल्कि नोडल अधिकारियों से लेकर ब्लॉक स्तरीय अधिकारी भी चौपाल में नहीं पहुंचे। कहीं सिर्फ औपचारिक उपस्थिति दर्ज कराई गई तो कहीं नामित अधिकारी तक अनुपस्थित रहे।
सीडीओ राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि 24 ग्राम पंचायतों में आयोजित चौपालों में 47 मामले आए, जिनका मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। ज्यादातर चौपालों में बिजली और पानी की समस्याएं प्रमुख रहीं। जिगना के छानबे क्षेत्र स्थित कोलाही गांव में नोडल अधिकारी एवं जिला पंचायत राज अधिकारी संतोष कुमार श्रीवास्तव ने समस्याएं सुनीं। डीपीआरओ ने विंध्य स्वच्छता प्रतिष्ठान और सामुदायिक शौचालय का निरीक्षण किया। केयरटेकर से जानकारी ली। ग्राम प्रधान सरिता यादव ने पेयजल समस्या से अवगत कराया। इस पर डीपीआरओ ने जल निगम से संपर्क कर जल्द समस्या के समाधान का निर्देश दिया। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि विनोद कुमार यादव ने भी गांव की विभिन्न समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया। खंड विकास अधिकारी रामपाल और एडीओ समाज कल्याण प्रेमचंद ने ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की जानकारी दी। बहुती मय चकचौरा में नोडल अधिकारी के प्रतिनिधि एवं जिला समन्वयक चाइल्ड हेल्पलाइन अरुण मिश्रा तथा सचिव अक्षय कुमार ने लोगों की समस्याएं सुनीं। सिटी क्षेत्र के गोपालपुर और पिपराड़ाड़ गांव में आयोजित ग्राम चौपालों में ग्रामीणों ने मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं उठाईं। हालांकि तेज धूप, लू और उमस के कारण दोनों गांवों में ग्रामीणों की उपस्थिति काफी कम रही। चौपाल में समुचित बैठने की व्यवस्था न होने पर लोगों ने नाराजगी जताई।
गोपालपुर : आयोजित चौपाल के दौरान नेहा चौहान, नगीना, मंजू, पूनम और शिवानी कनौजिया समेत अन्य ग्रामीणों ने नाली निर्माण, प्रधानमंत्री आवास योजना और राशन वितरण से संबंधित समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। पिपराड़ाड़ में ग्रामीणों ने आवास, शौचालय और राशन कार्ड से जुड़ी शिकायतें दर्ज कराईं।
हलिया : ब्लॉक क्षेत्र के मवई कला और ग्राम पंचायत नदना में आयोजित ग्राम चौपाल में अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। चौपाल में एडीओ पंचायत रुपेश श्रीवास्तव, ग्राम पंचायत अधिकारी शैलेन्द्र कुमार और ग्राम प्रधान मनोज कुमार शर्मा समेत अन्य मौजूद रहे।