मिर्जापुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के समस्त जिलाधिकारियों एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ ऑनलाइन कोविड-19 की स्थिति की समीक्षा की। एनआईसी में डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे अमरेंद्र कुमार, सीएमओ डॉ पीडी गुप्ता एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान सीएम ने डीएम को निर्देश दिए कि बिना मास्क के लोग घर से बाहर नहीं निकलें। जो लोग बिना मास्क निकल रहे हैं उनके खिलाफ कार्रवाई करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि निजी लैब जो कोविड-19 टेस्ट करने में लापरवाही करते हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जायेगी। साथ ही जॉच रिपोर्ट में किसी प्रकार की छेड़छाड़ न की जाये अन्यथा उनके विरूद्ध कठोर कार्रवाई की जायेगी। उन्होने कहा कि जो डाटा अपलोडिंग हो रही है उसे स्वास्थ्य विभाग सही तरीके से कराये। मुख्यमंत्री ने कहा कि मेडिकल किट की व्यवस्था कराये, और कही पर भी मेडिकल किट की कमी न होने पाये। जो होम आइसोलेशन में हैं। उन्हें दवाइयां समय से उपलब्ध करायी जाये। किसी मरीज के साथ खिलवाड़ हुआ तो कड़ी कार्रवाई होगी।
अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि आक्सीजन की कमी न होने पाये। मेडिकल कार्पोरेशन सही काम करें अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने कहा कि किसी भी जिले में कोविड-19 मरीजों के लिये बेड की कमी न होने पाये। साथ ही आक्सीजन मात्रा भरपूर होनी चाहिये। क्वारंटीन की स्थिति पर भी विस्तृत चर्चा की गयी। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि टीका लगवाने के लिए लोगों को जागरूक किया जाये। साथ ही यह भी कहा कि लोग जब भी अपने घरों से बाहर निकलें तोे मास्क का प्रयोग अवश्य करें। जो लोग मास्क लगाकर न चलें उनका चालान किया जाये।