मिर्जापुर देहात कोतवाली के लोहदी मोहल्ले में बृहस्पतिवार की शाम को पत्नी से झगड़ा करने के बाद पति ने उसकी पिटाई कर आग के हवाले कर दिया । बचाने के लिए उसके बच्चे गए तो उन्हें भी मारपीट कर भगा दिया। सूचना पर पड़ोसी और मायके के लोग पहुंचकर किसी तरह दरवाजा तोड़कर उसे बाहर निकालकर आग बुझाई । उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मायके वालों ने पति व जेठ जेठानी के खिलाफ थाने में तहरीर दी।
कटरा कोतवाली क्षेत्र के नटवा निवासी 45 वर्षीय सुनीता का विवाह देहात कोतवाली क्षेत्र के लोहदी निवासी दरबारी से हुआ था। सुनीता लोहदी महावीर नेत्रालय अस्पताल में रसोईया का काम करती थी । बृहस्पतिवार की शाम को वह जब घर पहुंची तो पति ने उसकी पिटाई की। इसके बाद कमरे में बंद पर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा दी। मां की चीख सुनकर बच्चे बचाने पहुंचे तो पति ने उनकी भी पिटाई की। आस-पड़ोस के लोगों ने मायके वालों को सूचना दी । सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने दरवाजा तोड़कर सुनीता को बाहर निकाला व आग बुझाई। आनन फानन में उपचार के लिए अस्पताल ले गए । जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के चाचा शिवकुमार ने कटरा कोतवाली में तहरीर देकर पति व जेठ जेठानी के खिलाफ जलाकर मारने का आरोप लगाया है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले की जांच में जुटी है।