जिगना/सक्तेशगढ़/पड़री। सोमवार को कई थाना क्षेत्रों में आग से घर गृहस्थी सहित खेतों में आग लगने से फसल का नुकसान हुआ।
जिगना थाना क्षेत्र के गौरा में तीन कच्चे मकान और छप्पर सहित विंध्याचल थाना के अरगीसरपत्ती गांव में तीन किसानों की फसल आग से जल गई। चुनार थाना क्षेत्र समुदवा गांव में बिजली की चिंगारी से आग लग गई। पड़री थाना क्षेत्र के शेष के पूरा गांव में सोमवार की शाम संदिग्ध हालात में कच्चे मकान में आग लगने से दो लोगों का डेढ़ लाख का सामान जल गया।
जिगना थाना के गौरा गांव मे हिंछू के कच्चे मकान में सोमवार की दोपहर आग लग गई। घर में कुसुम देवी पत्नी शोभनाथ मौजूद थी। उसने आग देखकर शोर मचाया। तब तक आग रवि शंकर व राम आसरे के छप्पर खपरैल को अपने जद में ले चुकी थी। सूचना पर ग्रामीणों व अग्निशमन दल ने आग पर काबू पाया। विंध्याचल थाना के अरगीसरपत्ती गांव में दोपहर के समय आग से गणेश यादव की ढाई बीघे खेत की फसल व शंकर यादव की दो बीघा व शिव यादव की एक बीघा फसल जल गई। चुनार थाना क्षेत्र समुदवा गांव में बिजली की चिंगारी से आग लग गई। इससे घर में रखी नगदी सहित अरहर, गेहूं, चावल आदि सामान जल गए।
पड़री थाना क्षेत्र के शेष के पूरा गांव निवासी राजकुमार के कच्चे मकान में अचानक आग लग गई। आग ने जल्द ही बगल में स्थित बाबूलाल के मकान को भी जद में ले लिया। राजकुमार ने बताया की परिवार के लोग बगल स्थित खेत में कटाई कर रहे थे। इसी दौरान आग लग गई। थानाध्यक्ष माधव सिंह मौके पर पहुंच फायर ब्रिगेड को सूचना दी।