लालगंज। लालगंज थानाक्षेत्र के तिलांव चौकी अंतर्गत बड़गड़ा गांव में तीन भैंस और एक भैंस का बच्चा चोरी कर ले जा रहे आरोपी को ग्रामीणों ने संदेह के आधार पर पकड़ लिया। वह हलिया थानाक्षेत्र के नौगवां गांव से मवेशी चोरी कर ले जा रहा था। पूछताछ में समुचित जबाब नहीं मिलने पर तिलांव पुलिस चौकी पर सूचना दी गई। पुलिस ने थाने ले जाकर कड़ाई से पूछताछ की तो पता चला कि वह होमगार्ड है। उसने नौगवां गांव से भैंस चोरी करने की बात कबूल की।
पुलिस ने घटना की सूचना नौगवां गांव निवासी पशुपालकों को दी। मौके पर पहुंचे पशुपालक दयाशंकर निषाद और राजू ने होमगार्ड के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। दयाशंकर ने कहा कि शुक्रवार रात 11 बजे गांव निवासी होमगार्ड ने घर पहुंचकर पूछा कि दयाशंकर कहां हैं। घर वालों ने बताया कि सो रहे हैं। उसके बाद घर से चला गया। रात में उसकी और उसके भाई राजू की तीन भैंस और एक बच्चा खूंटे से खोलकर कोटा शिवप्रताप सिंह गांव के रास्ते बरगड़ा गांव पहुंचा। वहां ग्रामीणों को संदेह हुआ तो पूछताछ करने लगे। ग्रामीणों के पूछताछ करने पर होमगार्ड भैंस छोड़कर भागने लगा। ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। देर शाम तक हलिया थाने पर दोनों पक्षों में समझौते के लिए बात चल रही थी। सीओ लालगंज उमाशंकर ने बताया कि मामले की जानकारी होने पर हलिया थाने को जांच कर कार्रवाई के लिए कहा गया है।