मिर्जापुर। विंध्याचल कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम ने सोमवार की शाम को दुधनाथ चुंगी के पास से डीसीएम और इनोवा क्रिस्टा कार से 20 लाख कीमत का गांजा बरामद करने के साथ छह अंतरर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया। तस्कर नारियल ले जाने वाली गाड़ी में गांजा लेकर जा रहे थे। मामले का खुलासा प्रभारी एसपी संजय कुमार ने पुलिस लाइन मनोरंजन कक्ष में किया।
प्रभारी एसपी संजय कुमार ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के बाद विंध्याचल पुलिस और एसओजी की टीम दुधनाथ चुंगी पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी प्रयागराज की ओर से इनोवा क्रिस्टा कार और उसके पीछे चल रही डीसीएम को रोकने का प्रयास किया तो कार सवार चार और डीसीएम सवार दो लोग कूद कर भागने लगे। पुलिस ने घेरेबंदी कर सभी छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में बताया कि उनकी गाड़ी में नारियल के बोरे के नीचे गांजा का बंडल रखा है। तलाशी लेने पर पुलसि ने डीसीएम से 10 बोरी में 41 बंडल और इनोवा से तीन बंडल गांजा बरामद किया। कुल दो क्विंटल 25 किलो गांजा बरामद किया। जिसकी कीमत 20 लाख रुपये है। गिरफ्तार छह आरोपितों से गांजा के संबंध में पूछने पर बताया गया कि गांजा उड़ीसा से सस्ते दाम में खरीद कर मथुरा व आस-पास के जनपदों में उंचे दाम पर बेच कर आर्थिक लाभ कमाते है। शैलेन्द्र कुमार शर्मा व विद्याभुषण शर्मा गाड़ियों के मालिक है। विनोद चौधरी इनोवा चालक व जितेन्द्र सिंह व मनीष डीसीएम चालक है। मुकेश व जितेंद्र कुमार गांजा के कारोबार में सहयोगी है। बताया कि गांजा ढोने व सप्लाई में अन्य सामानों की अपेक्षा बहुत ज्यादा लाभ होता है। इस कारोबार में दो 2 वर्षो से है।