स्वास्थ्य लोगों की एक अमूल्य संपदा है। स्वच्छता अभियान को जन जन तक पहुंचाने और सफल बनाने के लिए जागरुकता जरूरी है, इसके लिए लोगों की सोच को बदलना होगा। सोच बदलने से ही अभियान सफल होगा। हांलाकि स्वच्छता को लेकर काफी हद तक जागरुकता बढ़ी है। बस इस जागरुकता को आगे बढ़ाना है। स्वच्छता जहां होती है वहीं लक्ष्मी का वास होता है। उक्त बातें सोमवार को मंडलायुक्त मुरली मनोहर लाल ने अमर उजाला और राज्य सरकार द्वारा आयोजित स्वच्छता जागरुकता पहल कार्यक्रम के दौरान कहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ मंडलायुक्त, अपर आयुक्त माताफेर व डीएम बिमल कुमार दुबे ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
मंडलायुक्त ने कहा कि सरकार द्वारा स्वच्छता के लिए बहुआयामी कदम उठाए जा रहे हैं। लोगों के बहुआयामी मस्तिष्क को विकसित करना हेेगा। कार्यक्रम के दौरान डैफोडिल्स पब्लिक स्कूल के बच्चों ने मनोहारी गीत प्रस्तुत कर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। डीएम बिमल कुमार दुबे ने कहा कि स्वच्छता अभियान एक सार्थक पहल है, इसके लिए मन, विचार की स्वच्छता भी जरुरी है। स्वच्छता की चेतना के घर घर तक पहुंचाएं और स्वच्छ रहने का संकल्प लें। ज्ञानंदा महाविद्यालय के मैनेजिंग ट्रस्टी डा. शीला सिंह ने कहा कि स्वच्छता अभयिान को ग्राउंड जीरो से शुरु करने की जरूरत है। अभियान को ऐसे स्थानों पर विशेष तौर पर चलाया जाए, जहां पर गंदगी हो। सीएमओ डा. उमेश यादव ने लोगों को गंदगी से वाली बीमारियों और उसके दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से बताया। डीपीआरओ बालेशधर द्विवेदी ने कहा कि यह एक अवसर है शिक्षा का मंदिर है। आज समाज में इस बात की आवश्यकता है कि लोगों की सोच में परिवर्तन लाया जाए। गंदगी से मुक्ति के बाद ही लोग स्वस्थ रहेंगे। जनता स्वच्छता अभियान को मन से जुट कर सफल बनाएं। जन जन को जोड़कर अभियान को सफल बनाना ही इस पहल की सार्थकता होगी। जिला समन्वयक स्वच्छता विनोद श्रीवास्तव ने कहा कि लोगों को गांधीगिरी से जागरूक किया जा रहा है। आज जनता को गंदगी से आजादी चाहिए। गंदगी से आजादी के लिए लोगों को जागरूक होना होगा। जिले को 31 दिसंबर 2017 तक खुले में शौच मुक्त बनाना है। इसके लिए 94 टीमें और 468 स्वच्छताग्राही सहित अभियान से जुड़े लोग दिन रात काम कर रहे हैं। इसके पूर्व अमर उजाला के महाप्रबंधक यादवेश कुमार ने अतिथियों का स्वागत किया। विद्यार्थी परिषद के युवराज पांडेय ने मंडलायुक्त और डीएम का सम्मान किया। कार्यक्रम में डैफोडिल्स पब्लिक स्कूल के प्रबंधक अमरदीप सिंह,एसडीएम सदर, अपराजिता सिंह, यूनिसेफ मंडलीय सलाहकार शशि मोहन उप्रेति, फरक अब्बास, डीसी सत्येंद्र कुमार, बीसी मनीष पांडेय, कंचन श्रीवास्तव, डाली अग्रहरी आदि मौजूद रहे।
स्वच्छता क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने पर मिला सम्मान
मिर्जापुर। स्वच्छता जागरुकता पहल कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया। आयुक्त ने स्वच्छताग्राही अरविंद कुमार और प्रतिमा को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इसके बाद डीसी सत्येंद्र सिंह, बीसी मनीष पांडेय, विजय प्रताप सिंह, विभा बिंद, चंद्रशेखर सिंह, आराधना शुक्ला सहित 50 लोगों को सम्मानित किया गया।
स्वच्छता की दिलाई शपथ
मिर्जापुर। नगर के डैफोडिल्स पब्लिक स्कूल में आयोजित स्वच्छता जागरूकता पहल कार्यक्रम में मंडलायुक्त मुरली मनोहर लाल ने छह सौ लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने गांव व शहर को स्वच्छ और स्वस्थ रखने और मित्रों को प्रेरित करने की शपथ दिलाया। साथ ही जीवन में स्वच्छता को सर्वोच्च स्थान देने का भी शपथ दिलाया।