कोटेदार द्वारा अनाज वितरण नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने बुधवार को जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन कर विरोध जताया। ग्रामीणों ने पड़री कोटेदार द्वारा की जा रही अनियमितता और कालाबाजारी की शिकायत की जांच करा कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को संबोधित पत्रक एडीएम और डीएसओ को सौंपा। डीएसओ अंजनी कुमार सिंह ने कोटेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया।
विकास खंड पहाड़ी के पड़री गांव में अनाज नहीं मिलने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। ग्रामीण रवि दूबे ने कहा कि पड़री के कोटेदार अजय ओझा द्वारा ग्रामीणों को नियमित अनाज का वितरण नहीं किया जाता है। वहीं ग्रामीणों को निर्धारित मात्रा से कम अनाज का वितरण होता है। ग्रामीण सुनील कुमार ने कहा कि कोटेदार द्वारा अनाज वितरण में अनियमितता बरती जा रही है साथ ही अनाज की कालाबाजारी की जा रही है।
संतोष कुमार ने कहा कि विगत दिनों एसडीएम लालगंज के निर्देशन में पात्र लाभार्थियों का सत्यापन किया गया। कोटेदार द्वारा सत्यापित सूची को दूकान पर चस्पा नहीं किया गया है साथ ही सत्यापित सूची से वितरण की बजाए मनमाने तरीके बांटा जा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत अधिकारी विनोद कुमार मिश्र द्वारा मनमाने तरीके से लाभार्थियों की सूची तैयार की गई है, जिसमें से अधिकतर अपात्र हैं।
जिसके चलते पात्र लाभार्थियों का अनाज नहीं मिल पा रहा है। प्रधान निशा देवी ने कहा कि एसडीएम द्वारा सत्यापित सूची से अनाज वितरण कराया जाए। वहीं अनाज की कालाबाजारी और अनियमितता की जांच करा कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें। प्रदर्शन करने वालो में अशोक कुमार, मनोज, गौतम कुमार, रमेश, मंगरी, सरस्वती, इद्रंावती, हरीदास, अनवर, लालमनी, विनोद कुमार, श्यामलाल आदि रहे।