मिर्जापुर। कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में जिला पोषण समिति की बैठक आहूत की गयी। मुख्य विकास अधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रत्येक ग्राम सभा में आयोजित होने वाले स्वास्थ्य, स्वच्छ एवं पोषण दिवस पर गर्भवती महिलाओं व किशोरी बालिकाओं को आयरन फोलिक एसिड की गोली एवं अन्य दवाई उपलब्ध कराएं।
उन्होंने कहा कि जो कर्मचारी अपने कार्य में लापरवाही कर रहे हैं। उनके विरुद्ध कार्रवाई करते हुये अवगत कराएं। कुपोषण की दर में कमी लाने के लिये शासन द्वारा उपलब्ध दूध, घी तथा अन्य खाद्यान को वितरित किया जाय तथा सैम मैम बच्चों के परिवार के सदस्यों का जॉब कार्ड, राशन कार्ड बनवाकर उन्हें रोजगार और राशन उपलब्ध कराने हेतु संबंधित अधिकारी को निर्देश किया गया। उन्होने पोषण पुनर्वास केंद्र शत प्रतिशत सैम बच्चों को भर्ती कराने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारी पीके सिंह को निर्देशित किया कि रोस्टर के अनुसार बच्चों को आहार उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी, उपायुक्त स्वत: रोजगार, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी एवं बाल विकास परियोजना के अधिकारी उपस्थित रहे।