मिर्जापुर। मादक पदार्थो की तस्करी के लिए भी तस्कर अजब-गजब तरकीब निकालते रहते है। उनके पकड़े जाने पर खुलासा होता है कि आखिर वह कैसे गांजा लेकर जा रहे थे। नया मामला कछवां थाना क्षेत्र का है। जहां उड़ीसा से गांजा लेकर जा रहे कार सवार तस्करों को कछवां पुलिस ने भैंसा नहर पुलिया चकनंदा मोड़ के पास से रविवार की शाम को पकड़ा है। कार की तलाशी लेने पर पता चला कि एयरबैग वाले स्थान और कार में सीट के नीचे केबिन बनाकर गांजा ले जाया जा रहा था। मामले का खुलासा एएसपी नक्सल ओपी सिंह ने किया।
उड़ीसा से गांजा लेकर जौनपुर जा रहे कार सवार गांजा तस्कर रविवार की शाम को वाराणसी बाबतपुर पहुंचे तो वहां पर फाइनेंस कर्मी की हत्या के बाद पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। इसके बाद तस्करों ने रास्ता बदल लिया, लेकिन कछवां थानाध्यक्ष संजीत बहादुर सिंह को भी मुखबिर से सूचना मिल गई थी कि बिना नंबर की आर्टिगा कार से गांजा लेकर जाया जा रहा है। इसके बाद कछवां पुलिस भैंसा चौकी के पास नहर पुुलिया चकनंदा मोड़ के पास वाहन की चेकिंग शुरु की। पुलिस ने गाड़ी की तलाशी ली तो डैशबोर्ड के अंदर जहां पर एयरबैग रहता है। वहां पर गांजा का पैकेट रखा था। इसके अलावा कार की पिछली सीट के नीचे छिपाकर रखे 43 बंडल में कुल 51 किलो 290 ग्राम गांजा बरामद किया। पुलिस ने कार से दो अंतरराज्यीय तस्कर संतोष कुमार पांडे निवासी बड़सिधिया थाना सदर बालेश्वर उड़ीसा और चिन्मय रंजन बेहरा निवासी राधा माधव मंदिर बालेश्वर पथुनवाड़ा बालासोर उड़ीसा को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनके पास से गांजा के साथ कार, चार मोबाइल और 1120 रुपये बरामद किया। एएसपी नक्सल ओपी सिंह ने बताया कि 15 लाख की गांजा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्कर को पकड़ा गया है।