- दो दर्जन झांकियों से सजेगा पूर्वांचल का प्रसिद्ध मेला, कमेटी का अनुमान-25 लाख श्रद्धालु आएंगे
मिर्जापुर। पूर्वांचल का प्रसिद्ध बरियाघाट दशहरा मेला इस बार भव्यता और आकर्षण के नए रंग में नजर आएगा। मेले में 12 ज्योतिर्लिंग, बांके बिहारी की हरियाली, भैरव गुफा, रावण दरबार और अशोक वाटिका समेत करीब दो दर्जन आकर्षक झांकियां सजाई जाएंगी। कमेटी ने इस बार मेले में करीब 25 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान जताया है।
बरियाघाट श्री रामलीला कमेटी की बैठक मंगलवार को पंचमुखी मंदिर के सत्संग हॉल में अध्यक्ष रितु केसरी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में दशहरा मेले की तैयारियों, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रणनीति बनाई गई।
अध्यक्ष रितु केसरी ने कहा कि महिला अध्यक्ष के नेतृत्व में हो रहा यह मेला ऐतिहासिक और भव्य होगा। दावा किया कि इस बार आयोजन पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ते हुए नया कीर्तिमान स्थापित करेगा। पिछले वर्षों में 15 लाख श्रद्धालुओं के आने की तुलना में इस बार 25 लाख लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।
महामंत्री संतोष ऊमर ने बताया कि मेले में 12 ज्योतिर्लिंग, बांके बिहारी की हरियाली, पंचमुखी मंदिर का विशेष शृंगार, भैरव गुफा, रावण दरबार, सुग्रीव दरबार, हनुमान दल, अशोक वाटिका और जय गणेश देवा की झांकियां प्रमुख आकर्षण होंगी। काली भैरव का नृत्य, तिरंगा ऊंचा रहे हमारा और ऑपरेशन सिंदूर जैसी राष्ट्रीय चेतना से जुड़ी झांकियां भी लोगों को आकर्षित करेंगी।
नारी शक्ति को सम्मान और प्रेरणा देने के उद्देश्य से देश की प्रमुख महिला विभूतियों की झांकियां भी लगाई जाएंगी। बच्चों के मनोरंजन के लिए डोरेमोन जंप, राउंड-राउंड समेत विभिन्न झूले और खेल उपकरण लगाए जाएंगे। मेले में व्यापारिक प्रतिष्ठानों को भी प्रचार के लिए विशेष अवसर दिया जाएगा। स्वागत द्वार, स्टॉल, लीफलेट और अनाउंसमेंट के माध्यम से प्रतिष्ठान अपना प्रचार कर सकेंगे।
बैठक में अछयवर नाथ केसरवानी, सतीश चंद्र सर्राफ, अमरेश मिश्रा, रविंद्र कुमार गुप्ता, शैलेंद्र अग्रहरी, विमलेश अग्रहरि, बद्री अग्रहरि, विनय पांडेय, आकाश दुबे, शिप्रा गुप्ता, मनसा ऊमर, शिखा अग्रवाल, बीना बरनवाल, भावना बरनवाल, रंजना मिश्रा, रीता मिश्रा, सीता ऊमर, अर्चना गुप्ता, प्रदीप गुप्ता, समर चंद शर्मा और समीर वर्मा समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी मौजूद रहे। जानकारी कमेटी के मीडिया प्रभारी विमलेश अग्रहरि आदि रहे।