नगर के चेतगंज स्थित मकान और दूकान में लगी आग से जले सामान को देखते लोग।
कटरा कोतवाली क्षेत्र के चेतगंज मोहल्ला निवासी एक व्यक्ति के मकान में गुरुवार की रात आग लगने से करीब 25 लाख रुपये मूल्य का सामान नुकसान हो गया। सूचना पहुंचे दमकलकर्मियों ने करीब पांच घंटे में आग पर काबू पाया। दुर्घटना में परिवार के लोग बाल बाल बच गए।
बल्ली का अड्डा चेतगंज मोहल्ला निवासिनी रामलली देवी के मकान में उनके बेटों की कई दूकानें हैं। गोपीचंद द्वारा खोले गए डेकोरेशन की दूकान में देर रात शार्ट सर्किट के चलते आग लग गई। आग धीरे-धीरे बढ़ते ही कन्हैया समेत अन्य लोगों के दूकान तक पहुंच गई। जब पूरा मकान धू धू कर जलने लगा तो दूसरी मंजिल पर सो रहे लोगों को घटना की जानकारी हुई। कमरे के नीचे जल रहे आग को देख कर लोग शोरगुल मचाने लगे।
शोर शराबा सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। किसी तरह सभी को बाहर निकाला गया। सूचना पर रात करीब डेढ़ बजे पहुंचे मुख्य अग्निशमन अधिकारी चंद्रशेखर शर्मा ने आग बुझवाना शुरू किया। आग के विकरालता को देखते हुए चार और गाड़ियाें बलाई गई। करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद सुबह छह बजे आग पर पूरी तरह से काबू पाया । गोपीचंद के अनुसार उसका करीब 20 लाख, कन्हैया का दस लाख, सोनू के मोबाइल की दूकान में रखे पांच लाख, राजकुमार का दो कमरा जलने की वजह से दस लाख, समेत अन्य लोगों का लाखों रुपये मूल्य का सामान नुकसान होने से भारी क्षति हुई है।