हलिया/ड्रमंडगंज। हलिया ब्लाक के गजरिया और देवरी दक्षिणी गांव में शनिवार की सुबह वज्रपात से किशोरी समेत चार लोग झुलस गए। जिन्हें अस्पताल ले जाया गया। इसके अलावा मड़हा और काट कर रखी फसल में भी वज्रपात से आग लग गई। ग्रामीणों ने किसी तरह से आग पर काबू पाया।
क्षेत्र के गजरिया गांव निवासी 52 वर्षीय लालमणि 52 तथा उनकी पत्नी रामरती 50 एवं पड़ोसी रमेश कोल की 17 वर्षीय बेटी पार्वती शनिवार को सुबह सात बजे घर से करीब सौ मीटर की दूरी पर लगे हैंडपंप में पानी लेने जा रही थी। जैसे ही हैंडपंप के पास पहुंचे कि अचानक हैंडपंप के पास महुआ के पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई। जिसकी चपेट में आकर तीनों गंभीर रूप से झुलस गईं। परिजन उन्हें उपचार के लिए अस्पताल लेकर गए। प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. अभिषेक जायसवाल ने बताया कि आकाशीय बिजली से झुलसे लालमणि, उनकी पत्नी रामरती व पार्वती का उपचार चल रहा है। तीनों की हालात सामान्य है। क्षेत्र के रतेह चौराहा के समीप स्थित देवरी दक्षिण गांव में शनिवार की सुबह पांच बजे आकाशीय बिजली की चपेट में आकर 37 वर्षीय मालिका प्रसाद चौरसिया पुत्र बृहस्पति चौरसिया गंभीर रूप से घायल हो गए। उसी दौरान आकाशीय बिजली से लगी आग से मालिका प्रसाद का एक रिहाइशी मड़हा सहित थ्रेसरिंग के लिए इकट्ठा कर रखी गई करीब ढाई बीघा खेत की गेंहू की पकी फसल भी जलकर राख हो गई। जानकारी मिलने पर आसपास के लोगों ने कड़ी मेहनत कर आग पर काबू पाया। गंभीर रूप से झुलसे मालिका प्रसाद को परिजनों द्वारा वाहन से इलाज के लिए प्रयागराज ले जाया गया है। मालिका प्रसाद चौरसिया को कोई बाल-बच्चे नहीं हैं। वे अपनी पत्नी के साथ उसी मड़हे में रहते थे।
उधर, बूंदाबादी से किसानों के होश उड़ गए। धुंध के साथ आसमान में बादल छाए रहे। किसान फसलों की कटाई व मड़ाई का कार्य बंदकर खेत और खलिहानों मे रखे फसलों को सहेजने में जुट गए। दोपहर बाद आसमान साफ होने पर किसानों ने राहत की सांस ली।
देर रात आसमान में उठे बादल भोर तक पूरी तरह से छा गए। फसलों की कटाई व मड़ाई का कार्य छोड़कर किसान खेतों में काटकर रखी फसलों को सुरक्षित करने में लग गए। हालांकि आसमान में उठे बादल ज्यादा देर टिक न सके। दोपहर बाद जैसे ही तेज धूप हुई कि किसान फिर से फसलों की कटाई व मड़ाई में जुट गए। शेरवां, क्षेत्र में हुई बूंदाबांदी से गेहूं की कटाई व मड़ाई का कार्य बाधित हो गया है। खेतों में खडी गेहूं की फसल में नमी आ जाने से कटाई मडाई का कार्य रूक गया। पटेहरा, भोर में शुरू हुई बूंदाबांदी से किसानों की चिंता बढ़ गई। मड़िहान तहसील क्षेत्र के पटेहरा कला, मलुआं, ककरद, नेवढ़िया, पड़रिया समेत दर्जनों गांव में इन दिनों फसलों की कटाई व मड़ाई कार्य में तेजी आई हुई है। बूंदाबादी से कार्य प्रभावित रहा।