उधर, जिगना थाना क्षेत्र के नगवासी निवासी श्यामजी का 11 वर्षीय पुत्र पंकज कुमार अपने साथियों के साथ गंगा में स्नान करने गया था। स्नान करते समय वह डूबने लगा तो अन्य बच्चों ने शोर मचाया। लोग पंकज को खोजकर बाहर निकाला। परिजन उसे चिकित्सक के पास ले गए, जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था। बच्चे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।
वहीं, हलिया थाना क्षेत्र के हर्रा गांव निवासी गौरीशंकर का 10 वर्षीय पुत्र सत्यम गांव के बच्चों के साथ घर से दो सौ मीटर दूर स्थित हर्रा बंधी में स्नान करने के लिए गया था। बंधी के गहरे पानी में जाकर बालक डूब गया। बच्चों ने परिजनों को जानकारी दी।
परिजनों ने बालक को पानी से बाहर निकालकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर लेकर आए। जहां प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. अभिषेक जायसवाल ने बालक को मृत घोषित कर दिया। बालक प्राथमिक विद्यालय हर्रा का कक्षा तीन का छात्र था। वह दो भाइयों में सबसे बड़ा था।
विंध्याचल के अकोढ़ी निवासी अभय कुमार दो भाई है। छोटा भाई अजय शुक्ला है। अभय दिल्ली में किसी प्राइवेट कंपनी में काम करता है। अजय घर पर रहकर खेती करता है। अभय को तीन पुत्रियां और अजय को एक पुत्री है। रविवार को हादसे में अजय और अभय की चारों पुत्रियां डूब रही थी। इसमें अजय ने अपनी पुत्री और बड़े भाई की बड़ी पुत्री को बचा लिया, पर दो भतीजियों को बचाने में असफल रहा। दो सगी बहनों के डूबने से परिवार में तो कोहराम मचा ही है, ग्रामीण भी घटना से मर्माहत है।
चंदौली के लतीफशाह वीयर में स्नान करते समय डूबे युवक का शव रविवर की सुबह कुंड में उतराया मिला। गोताखोरों की मदद से शव को निकाल कर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं शव मिलत ही युवक के परिजन और दोस्तों में कोहराम मच गया।
मिर्जापुर जिले के जमुआ बाजार निवासी अमन मोदनवाल (21) शनिवार को दोस्तों के साथ मौसम का आनंद लेने चकिया कोतवाली के लतीफशाह वीयर पर पहुंचा। कुंड में स्नान करते समय अमन मोदनवाल गहरे पानी में चला गया। पत्थर के चट्टान में फंस कर वह डूब गया। अमन को डूबता देख दोस्तों ने मौजूद लोगों और पुलिस कर्मियों को सूचना दी। गोताखोरों की मदद से डूबे युवक की खोज आरंभ कर दी लेकिन देर रात तक युवक का पता न चलने पर खोज बंद कर दिया गया। रविवार की सुबह कुंड में युवक का शव उतराया देख पुलिस ने गोताखोरों की मदद से उसे बाहर निकाला।