मिर्जापुर। भूमि विवाद में मारपीट, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल और तमंचे से गोली मारकर जानलेवा हमला करने के मामले में बुधवार को न्यायालय ने चार दोषियों को सात-सात वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई। प्रत्येक दोषी पर 29-29 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया। चारों पर कुल एक लाख 16 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। अर्थदंड अदा नहीं करने पर प्रत्येक दोषी को छह माह का अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतना होगा।
जमालपुर थाना क्षेत्र के महेवा गांव निवासी रामकिशुन गौड़ ने 11 अक्तूबर 2016 को जमीन विवाद में मारपीट, गाली-गलौज और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप था कि विवाद के दौरान आरोपियों ने तमंचे से जान से मारने की नीयत से गोली चलाई, जिससे उनका पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया था। पुलिस ने सूरज कुमार, सुनीता देवी, हीरालाल और राधेश्याम के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना की थी।
ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत मामले में प्रभावी पैरवी की गई। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/विशेष न्यायाधीश एससी-एसटी एक्ट ऋचा जोशी की अदालत ने सूरज कुमार, सुनीता देवी, हीरालाल और राधेश्याम को दोषी ठहराते हुए सात-सात वर्ष के सश्रम कारावास और 29-29 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया।