नगर के केबी पीजी कॉलेज व जीडी बिनानी पीजी कॉलेज में छात्र संघ के पदाधिकारियों के चुनाव के लिए 22 मई को मतदान होगा। इस बीच बृहस्पतिवार को भी केबी कॉलेज में विद्यार्थियों को परिचय पत्र का वितरण किया गया। मतदान के लिए दोनों महाविद्यालयों में दिन भर तैयारियां चलती रहीं।
केबी कॉलेज में 11 बूथों पर लगभग पांच हजार मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसी प्रकार जीडी बिनानी पीजी कॉलेज में मतदान के लिए पांच बूथ बनाए जाएंगे। जीडी बिनानी पीजी कॉलेज में लगभग 3200 विद्यार्थी मताधिकार का प्रयोग करेंगे। केबी कॉलेज में बृहस्पतिवार को दिन भर मतदान के लिए तैयारियां की जाती रहीं। बैरिकेडिंग के साथ ही अन्य सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी की गई। चुनाव अधिकारी डॉ. गौरी शंकर द्विवेदी ने बताया कि 20 मई तक जो विद्यार्थी आ जाएंगे, उनको परिचय पत्र का वितरण किया जाएगा। जीडी बिनानी पीजी कॉलेज के चुनाव अधिकारी डॉ. उमेश सिंह ने बताया कि छात्रसंघ चुनाव के लिए सभी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। महाविद्यालय परिसर में सुरक्षा की पूरी व्यवस्था की गई है।