अदलहाट। क्षेत्र के अगरसंड गांव स्थित हनुमान मंदिर और शीतला मंदिर को चोरों ने निशाना बनाया। शनिवार की रात का ताला तोड़कर चोर पीतल के पांच घंटे, इनवर्टर, बैटरी, चांदी का मुकुट, कुंडल और पूजा के बर्तन ले गए। रविवार की सुबह घटना की जानकारी होने पर पुजारी ने पुलिस को तहरीर दी।
अगरसंड गांव स्थित हनुमान मंदिर के पुजारी विकास तिवारी का आरोप है कि रविवार को सुबह जब मंदिर पहुंचा तो गेट का ताला टूटा था। बरामदे में लगा 12 किलो का पीतल का घंटा नहीं था। मंदिर के भीतर रखा इन्वर्टर, बैटरी और हनुमान जी का चांदी का मुकुट, कुंडल और पूजा के बर्तन भी गायब थे। वहीं, बगल में स्थित शीतला माता मंदिर में लगे पीतल के चार घंटे चोर खोल ले गए थे। थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्र ने बताया की मंदिर के पुजारी ने चोरी की तहरीर दी है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।