मड़िहान। क्षेत्र के कुनबियामार जंगल के पास मंगलवार को दोपहर में आग लग गई। इससे 30 हेक्टेअर के बांस, खैर और पलाश के पेड़ जल गए। वहीं, मिर्जापुर-सोनभद्र मार्ग के दोनों तरफ आग फैलने से डेढ़ घंटे तक वाहनों का आवागमन बाधित रहा।
जंगल में आग लगने की सूचना पाकर वन विभाग की टीम पहुंची। कर्मचारियों ने आग को काबू में करने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से जंगल में फैलती गई।
इस बीच मिर्जापुर-सोनभद्र मार्ग के दोनों तरफ फैल गई, जिससे यातायात बाधित हो गया। अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई लेकिन दो किलोमीटर दूर तहसील मुख्यालय से दमकल की गाड़ी पहुंचने में दो घंटे लग गए।
इसके बाद अग्निशमन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत कर सड़क किनारे लगी आग पर काबू पा लिया, तब यातायात बहाल हो पाया। वहीं, बांस, खैर, पलाश के हजारों पेड़ जलकर राख हो गए। जंगल में फैली आग अभी धधक रही है और वनकर्मी बुझाने में जुटे हैं।
वन क्षेत्राधिकारी देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि लगभग 30 हेक्टेयर क्षेत्र में आग से पेड़-पौधे जलकर राख हो गए हैं। आग को काबू करने का प्रयास किया जा रहा है।