संवाद न्यूज एजेंसी
जमालपुर। ग्राम पंचायत भदावल गोविंदपुर में ससुराल आए प्रकाश पटेल (35) की फंदे से लटककर मौत मामले में शनिवार को उसकी पत्नी प्रियंका के खिलाफ खुदकुशी के लिए उकसाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई।
मृतक के परिजन और ग्रामीण जमालपुर थाने पहुंचकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग पर अड़ गए। इसके बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पत्नी प्रियंका के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली। चंदौली जनपद के अलीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोरईया निवासी प्रकाश पटेल अपनी पत्नी प्रियंका और बच्चों से मिलने के लिए भदावल स्थित मौजा गोविंदपुर ससुराल आया था। शुक्रवार को शव घर की खिड़की के पास बेल्ट के सहारे फंदे से लटका मिला था।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पत्नी के खिलाफ प्रााथमिकी दर्ज की। थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह हैंगिंग है।
पत्नी पर आत्महत्या के लिए उकसाने की प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।