संवाद न्यूज एजेंसी
जिगना, मिर्जापुर। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार के आदेश पर छानबे ब्लाॅक क्षेत्र के लेखपाल सुरतरु कुमार ने नौकरी के लिए फर्जी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित प्रमाणपत्र मामले में खैरा गांव निवासी आनंद सिंह के खिलाफ शहर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
आनंद सिंह वर्ष 2013 से कंपोजिट विद्यालय बजटा में अनुदेशक पद पर तैनात हैं। लेखपाल सुरतरु कुमार ने तहरीर देकर बताया कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित प्रमाण पत्र निर्गत किए जाने के लिए उच्च न्यायालय में रिट याचिका दाखिल की थी। मामले में निदेशक स्वतंत्रता संग्राम सेनानी कल्याण ने अवगत कराया कि 18 जनवरी 1994 स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित प्रमाण पत्र शासन के कार्मिक विभाग से निर्गत नहीं है। ऐसे में जिलाधिकारी ने 15 मई 2026 को फर्जी अभिलेख प्रस्तुत करने वाले आनंद सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने का आदेश दिया। एसडीएम सदर व तहसीलदार सदर ने जिलाधिकारी के आदेश पर अमल करते हुए लेखपाल के माध्यम से कोतवाली शहर में प्राथमिकी दर्ज कराया। शहर कोतवाल दयाशंकर ओझा ने बताया कि जिगना थाना क्षेत्र के खैरा गांव निवासी आनंद सिंह के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।