कोन ब्लॉक में इंदिरा आवास बनवाने के लिए बजट जारी होने के बाद भी कई लाभार्थियों ने आवास नहीं बनवाया है। 15 लाभार्थियों ने आवास के लिए मिले धन का दुरुपयोग कर लिया है। बीडीओ कोन भावना यादव ने इनके खिलाफ चील्ह थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। वहीं इंदिरा आवास के अन्य लाभार्थियों को कड़ी चेतावनी दी है।
मुख्य विकास अधिकारी अमित कुमार सिंह ने गत दिनों इंदिरा और लोहिया आवासों के लिए आवंटित धनराशि लेने के बाद भी आवासों का निर्माण न करवाने वाले लाभार्थियों पर कार्रवाई का निर्देश दिया था। इस क्रम में बीडीओ कोन ने वित्तीय वर्ष 2014-15 में धन लेने के बाद भी आवास पूर्ण नहीं कराने वाले लाभार्थी मदनपट्टी में निर्मला देवी, चिंदलिख में जग्गू लाल और वीरेंद्र, भटेवरा में सूरज प्रसाद, धुनिया, सुरेशचंद्र, राजन, विमलेश, खलील अहमद, राधेश्याम और छोटेलाल तथा जगदीशपुर में अवधेश और चुन्नू सहित 13 लाभार्थियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
वित्तीय वर्ष 2015-16 में आवास नहीं बनवाने पर गुलाबचंद्र मुगलपट्टी और कमला शंकर अनुरूद्धपुर पर भी रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पीडी हरिचरण सिंह ने कहा कि जिन लाभार्थियों के आवास अूधरे है, वे उन्हें तत्काल पूरा करा लें। अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।