जमालपुर। घरवाह गांव में मंगलवार को बाइक रिपेयरिंग को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। इसमें दोनों पक्षों से एक-एक व्यक्ति घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल एक युवक को चिकित्सक ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से ट्रामा सेंटर वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
मंगलवार की दोपहर करीब एक बजे घरवाह निवासी अमित कुमार पटेल उर्फ बल्लू बाइक बनवाने मिस्त्री मनीष कुमार के जमालपुर स्थित बाइक रिपेयरिंग की दुकान पर गया था। वहां दुकान संचालक के सहायक से कहासुनी हो गई। विवाद के दौरान दुकान संचालक घर गया हुआ था। बाइक बनवाने के लिए आया युवक दुकान संचालक के घर पहुंच कर गाली गलौज करने लगा और देखते ही देखते दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। एक पक्ष से अमित कुमार पटेल उर्फ बल्लू को गंभीर चोट आई और दूसरे पक्ष से बाइक दुकान संचालक के सिर में चोट आई। दुकान संचालक ने तहरीर में पत्नी के साथ भी मारपीट करने का आरोप लगाया।