चील्ह थाना क्षेत्र के मुजेहरा खुर्द गांव में बृहस्पतिवार की शाम को संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत मामले में मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को शनिवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
मुजेहरा खुर्द निवासी रेशमा (25) शिवराम विश्वकर्मा की बृहस्पतिवार की शाम को संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर लटककर मौत हो गई थी। रेशमा के पिता किशोरी विश्वकर्मा ने बताया कि चार वर्ष पूर्व पुत्री का विवाह शिवराम से किए थे। ससुराल वाले दहेज के लिए पुत्री को प्रताड़ित करते थे। दहेज में सोने की चेन, बाइक और एक लाख रुपये नकद मांग रहे थे। धमकी दिया कि दहेज नहीं लाओगी तो नहीं रहने देंगे। दहेज न देने पर पुत्री की हत्या कर दिए। तहरीर मिलने पर पुलिस ने आरोपी ससुर लक्षनधारी, जेठ शिव नरायन, जेेठानी नीतू और पति शिवराम के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपितों की तलाश में थी। शनिवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ससुर लक्षनधारी और जेठ शिव नरायन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।