मिर्जापुर। पथरहिया स्थित विकास भवन के सभागार में बुधवार को आयोजित किसान दिवस में सीडीओ विशाल कुमार ने किसानों की समस्याएं सुनीं।
किसानों ने बिजली, पानी, सिंचाई का मुद्दा जोर शोर से उठाया। सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द शिकायतों का निस्तारण करने का निर्देश दिया।
भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) के जिलाध्यक्ष धर्मदेव उपाध्याय ने खनन माफिया ट्रैक्टर से अवैध तरीके से गिट्टी, भस्सी, पटिया और मिट्टी की ढुलाई कर रहे हैं। इससे आए दिन हादसे होते हैं।
कहा कि स्टेट हाईवे पर नरायनपुर से अहरौरा तक नाली का पानी बहकर खेतों में जा रहा है। किसान ओम प्रकाश द्विवेदी ने कहा कटी हुई फसल खेतों में पड़ी थी, फिर भी गंगा नहर चालू कर दी गई। जब सिंचाई की जरूरत होगी, तब पानी नहीं मिलेगा।
भाकियू के ब्लाक अध्यक्ष रतन लाल चौरसिया ने बताया राष्ट्रीय राजमार्ग के चाैड़ीकरण में बरईपुर और कैलाश आश्रम का गेट तोड़ दिया गया है। दोनों गेट की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की। किसानों ने बरईपुर में बिजली का मुद्दा उठाया।
भाकियू के तहसील अध्यक्ष श्याम लाल मौर्य टाड़ व हर्रई नदी की सूखी बंधी को पंप से भरने की मांग की।
इस दौरान उप कृषि निदेशक विकेश कुमार पटेल, जिला कृषि अधिकारी डॉ. अवधेश कुमार यादव, अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड चुनार हरिशंकर सिंह, एक्सईएन सिरसी रामशंकर राजपूत आदि मौजूद थे।