समय पर दुकान न खुलने से किसानों में आक्रोश, खाद वितरण शुरू होने के बाद शांत हुआ विवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
मड़िहान। खरीफ सीजन में खाद की किल्लत और वितरण में देरी के बीच सोमवार को मड़िहान स्थित इफको बाजार की दुकान निर्धारित समय पर नहीं खुलने से बड़ी संख्या में किसान जुट गए और प्रदर्शन करने लगे।
किसानों का आरोप है कि दुकान देर से खुलने के कारण उन्हें खाद के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। मिर्जापुर-सोनभद्र मुख्य मार्ग पर अफरातफरी मची रही। कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। सुबह दूर-दराज के गांवों से किसान खेतों में खाद डालने की उम्मीद लेकर इफको बाजार पहुंचे थे। काफी देर तक दुकान बंद रहने पर उन्होंने व्यवस्था के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध शुरू कर दिया। किसानों का कहना था कि खेती के महत्वपूर्ण समय में खाद की उपलब्धता में देरी का सीधा असर फसल पर पड़ेगा। समय पर खाद नहीं मिलने से उत्पादन प्रभावित होगा।सूचना पर मड़िहान पुलिस मौके पर पहुंची और किसानों से बात की। अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद इफको बाजार का ताला खुलवाकर खाद का वितरण शुरू कराया गया। इसके बाद स्थिति सामान्य हो गई। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में समय पर खाद उपलब्ध नहीं कराई गई तो वे बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
कोट
किसानों ने सड़क जाम नहीं किया था। इफको बाजार के सेल्समैन ने सोमवार को खाद वितरण के लिए किसानों को बुलाया था। खाद नहीं मिलने पर किसानों और कर्मचारियों के बीच नोकझोंक हुई थी, जिसे समझाकर शांत करा दिया गया।
रविंद्र भूषण मौर्य,थानाध्यक्ष मड़िहान