सपा के राष्ट्रीय महासचिव ने मां विंध्यवासिनी के दरबार में किया दर्शन-पूजन
विंध्याचल। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने सोमवार को मां विंध्यावासिनी को छप्पन भोग और 51 किलो का घंटा चढ़ाकर कर भाजपा पर सख्त हमला बोले। आरोप लगाते हुए कहा कि राम मंदिर में चोरी कराने वाली भाजपा से बड़ा अधर्मी कौन है। भाजपा की सरकार, चाहे दिल्ली की हो या यूपी की, जनता पर अत्याचार कर रही है। उन्होंने आगे कहा कि सपा की सरकार आने पर 300 यूनिट बिजली फ्री मिलेगी। लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक का उल्लेख करते हुए कहा कि वह बुद्धिमान और पढ़े-लिखे व्यक्ति हैं। जनता की बात अच्छी तरह रख रहे थे। आरोप लगाया कि सरकार उनकी बात नहीं मानना चाहती थी, इसलिए उन पर अत्याचार किया जा रहा है। समाजवादी पार्टी उनके साथ हर तरह से खड़ी है।
राम मंदिर के निर्माण के मुद्दे पर पूछे गए सवाल के जवाब में शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि भगवान राम के मंदिर में चोरी होती है। चोरी कौन कराता है? भारतीय जनता पार्टी कराती है। तब भला उनसे बड़ा अधर्मी कौन हो सकता है। उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कहा कि समाजवादी पार्टी चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। वह मां विंध्यवासिनी का आशीर्वाद लेने आए हैं और मां का आशीर्वाद मिलने पर जीत निश्चित है। विंध्याचल पहुंचने पर पुरानी वीआईपी मार्ग पर तीर्थ पुरोहित विजय बाबू मिश्रा तथा पूर्व कैबिनेट मंत्री कैलाश चौरसिया ने अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद वह वीआईपी गेट से मालपुआ का प्रसाद लेकर मां विंध्यवासिनी के गर्भगृह पहुंचे और विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर देश और प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की। दर्शन-पूजन वरिष्ठ तीर्थ पुरोहित विजय बाबू मिश्रा ने कराया।
दर्शन-पूजन के बाद शिवपाल सिंह यादव सड़क मार्ग से चुनार के परमहंस अड़गड़ानंद महाराज आश्रम के लिए रवाना हुए। विजय बाबू मिश्रा, कैलाश चौरसिया, अशोक यादव, विजेंद्र मिश्रा, अविष्कार पांडेय, प्रशांत मिश्रा और ज्ञानेंद्र यादव उर्फ ज्ञानू सहित अन्य लोग मौजूद रहे। वर्ष 2013 में सपा की सरकार के दौरान कैबिनेट मंत्री रहते हुए उन्होंने 51 किलो का घंटा अर्पित किया था। वर्तमान में वह घंटा क्षतिग्रस्त हो गया था। तीर्थ पुरोहित विजय बाबू मिश्रा ने जानकारी शिवपाल सिंह यादव को दी थी। इसके बाद वाराणसी से मंगाए गए 51 किलो के घंटे का विधि-विधान से पूजन कर उसे मां के चरणों में समर्पित किया गया।
पुरजागीर और चील्ह चौराहे पर स्वागत
चील्ह। विंध्याचल धाम दर्शन के लिए जा रहे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव का पुरजागीर और चील्ह चौराहे पर सपा कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से स्वागत किया। नारेबाजी और ढोल-नगाड़ों के बीच कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया। शिवपाल ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने पार्टी को गांव-गांव तक मजबूत करने और जनता की समस्याओं को उठाने का आह्वान किया। इसके बाद वह विंध्याचल धाम के लिए रवाना हो गए।
परमहंस आश्रम पहुंचकर स्वामी अड़गड़ानंद से लिया आशीर्वाद
सक्तेशगढ़। पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव सक्तेशगढ़ स्थित परमहंस आश्रम पहुंचे। उनके आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने स्वागत किया। जौगढ़ त्रिमुहानी पुल के पास समर्थकों ने उनके काफिले का फूल-मालाओं से स्वागत किया। आश्रम पहुंचने पर उन्होंने परमहंस आश्रम के पीठाधीश्वर स्वामी अड़गड़ानंद महाराज से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। कुछ समय तक आश्रम में रुककर उन्होंने उनका कुशलक्षेम जाना और आध्यात्मिक विषयों पर चर्चा की। दर्शन के दौरान श्रद्धालुओं और सपा कार्यकर्ताओं की भीड़ रही। प्रवेश द्वार से आश्रम परिसर तक समर्थकों की कतारें लगी रहीं। सपा के झंडे और बैनर लिए कार्यकर्ता नारेबाजी करते रहे। भीड़ अधिक होने के कारण आश्रम परिसर में आवागमन प्रभावित हुआ। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी, आकाश यादव, शैलेश सिंह पटेल, सौरभ कुमार, संतवीर मौर्य, अशोक सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
चुनार में हुआ स्वागत
चुनार। सक्तेशगढ़ स्थित परमहंस आश्रम जाते समय सोमवार शाम शिवपाल यादव का कार्यकर्ताओं ने दुर्गा जी मोड़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर ढोल नगाड़े के साथ स्वागत किया। इस अवसर पर चुनार के पूर्व विधायक चुनार जगदंबा सिंह पटेल, डॉ. रामराज सिंह पटेल, डॉ. सुनील पटेल, हाजी निजाम हाशमी, संतोष यादव, अजीज भाई, शिवपूजन यादव, नसीम खान, परवेज आलम, संजय यादव, अनिल यादव सहित तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।