मड़िहान इफ्को खाद केंद्र पर हंगामा करते किसान, संवाद
मड़िहान बाजार स्थित इफ्को बाजार खाद वितरण केंद्र पर काउंटर बंद होने पर बृहस्पतिवार को किसानों ने हंगामा कर दिया। हालात बिगड़ते देख मड़िहान पुलिस को मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव करना पड़ा।
मड़िहान तहसील क्षेत्र के कई गांवों के कई किसान बृहस्पतिवार सुबह खाद लेने इफको बाजार पहुंच गए। केंद्र सुबह 10 बजे खुलते ही किसान अपना आधार कार्ड, खतौनी लेकर धूप में लाइन में लग गए। आरोप है कि दोपहर होते-होते केंद्र प्रभारी ने 50 किसानों के कागजात लेने के बाद काउंटर बंद कर दिया और आगे कागजात लेने से इन्कार कर दिया। जब लाइन में खड़े किसानों ने कारण पूछा तो व्यवस्थापक ने सिर्फ 50 किसानों को ही खाद देने की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया। इससे नाराज किसान आक्रोशित हो गए और प्रदर्शन करने लगे।
लुरकुठिया गांव निवासी किसान रमेश सिंह ने बताया कि कई किसान तो बुधवार रात 8 बजे से ही खाद के लिए मौके पर ही रतजगा कर रहे थे। फिर भी उन्हें खाद नहीं मिली। किसानों ने कहा कि सीमांत किसानों को ज्यादा खाद दी जा रही है, जबकि लघु किसानों को कम खाद दी जा रही है। प्रदर्शन करने वाले किसानों में मुन्नू सिंह, गंगा देवी, गुलजारी देवी, राकेश, विनोद सिंह, मनोज, राजेश, बृज बिहारी, विकास सिंह, राजू, दिनेश, रमेश, गज्जू आदि किसान मौजूद रहे।
इस संबंध में उपजिलाधिकारी संतोष कुमार ओझा ने बताया कि किसानों की समस्या को देखते हुए कृषि विभाग के कर्मचारी को लगाकर खाद का वितरण कराया जाएगा।