नरायनपुर। वाराणसी-मिर्जापुर मार्ग पर कोलउन्द नई बस्ती के पास सोमवार को दिन में दो बजे तेज रफ्तार पिकअप ने पैदल घर जा रहे वृद्ध किसान को टक्कर मार दी। मौके पर ही किसान की मौत हो गई। घटना के बाद चालक ने पिकअप लेकर भागने की कोशिश की। लेकिन शेरपुर के सामने जाम के चलते पिकअप छोड़कर भाग गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने पिकअप को क्षतिग्रस्त कर चक्काजाम कर दिया। थानाध्यक्ष के समझाने पर एक घंटे बाद जाम समाप्त किया।
अदलहाट के शेरपुर गांव निवासी राम अगम सिंह (70) अपने खेत से पैदल घर आ रहे थे। इस बीच कोलउन्द नई बस्ती के पास वाराणसी की ओर जा रही रफ्तार मालवाहक पिकअप ने जोरदार धक्का मार दिया और भाग गया। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने पिकअप को क्षतिग्रस्त कर वाराणसी-मिर्जापुर मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। घटना की जानकारी होने पर मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक थाना अदलहाट नवीन कुमार तिवारी ने ग्रामीणों को समझाकर जाम समाप्त करा दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने पिकअप को कब्जे में ले लिया।