मिर्जापुर। बीएचयू के बरकछा स्थित दक्षिणी परिसर में छात्रावास की कमी के मद्देनजर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। कुलपति प्रो. सुधीर कुमार जैन ने मौजूदा सत्र में नए छात्रावास के निर्माण तक दक्षिणी परिसर स्थित साइंटिस्ट छात्रावास, वॉर्डन फ्लैट (महिला) तथा वॉर्डन फ्लैट (पुरुष) को छात्रावास में परिवर्तित करने का आदेश दिया है।
इस आदेश के बाद इन भवनों का छात्रावासों की तरह आवंटन हो सकेगा। इससे समस्या का काफी हद तक समाधान हो सकेगा। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के कुलपति के रूप में अपनी नियुक्ति के बाद प्रो. जैन ने पहली बार 6 फरवरी को दक्षिणी परिसर का दौरा किया था। परिसर में शिक्षकों, कर्मचारियों एवं छात्रों के साथ संवाद के दौरान कुलपति ने आश्वस्त किया था कि छात्रों को परिसर में अध्ययन के दौरान कोई बाधा न उत्पन्न हो, फिर चाहे वह छात्रावास की समस्या हो, इंटरनेट हो या फिर स्वास्थ्य सेवाएं हो। छात्रावास की समस्या का स्थायी समाधान होने तक तीन इमारतों को छात्रावास में तब्दील करना इसी दिशा में उठाया गया कदम है।