मिर्जापुर। प्रदेश के प्राविधिक शिक्षा, उपभोक्ता संरक्षण एवं बाटमाप मंत्री आशीष पटेल ने रविवार को बथुआ में निर्माणाधीन आईटी इंजीनियरिंग कालेज का निरीक्षण किया। इस दौरान बीम पर टूटे प्लास्टर को देख नाराजगी जताई। कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस के परियोजना प्रबंधक को निर्देशित किया कि निर्माण की गुणवत्ता को बनाए रखें।
उन्होंने कहा कि जितनी धनराशि अवशेष है, उसका सदुपयोग किया जाए तथा अवशेष धनराशि की मांग तत्काल शासन से पत्राचार की जाए। इंजीनियरिंग कालेज को जिले के लिये एक बड़ी सौगात बताते हुए कहा कि उनका प्रयास है कि दिसंबर तक मुख्य भवन को पूर्ण कराते हुए न्यूनतम व्यवस्थायें पूर्ण करा ली जाएं। उन्होंने परियोजना प्रबंधक को निर्देश दिए कि मजदूरों व मशीनों की संख्या में बढ़ोतरी करते हुए कार्य को समय से पूर्ण किया जाए। मुख्य विकास अधिकारी श्रीलक्ष्मी वीएस से कहा कि गुणवत्ता की जांच वे स्वयं अपने नेतृत्व में टेक्निकल टीम के द्वारा समय-समय कराएं। इस अवसर पर निर्माणाधीन महिला पालीटेक्निक कालेज की प्रगति के बारे में भी जानकारी ली गई। इस अवसर पर निदेशक इंजीनियरिंग कालेज आजमगढ़, उप जिलाधिकारी सदर चन्द्रभान सिंह, परियोजना प्रबंधक सीएंडडीएस, आकाश वर्मा, राजकीय पालिटेक्निक के प्रधानाचार्य राकेश वर्मा आदि थे।